बीएचयू की स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. शिखा सचान की कार से ज्वेलरी से भरा बैग और लैपटॉप चोरी

प्राची राय/वाराणसी।गुरुबाग इलाके में एक प्रोफेशनल चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आईएमएस बीएचयू की स्त्री रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. शिखा सचान की कार से ज्वेलरी से भरा बैग और लैपटॉप को मात्र 19 सेकेंड में चोरी कर लिया गया, वह भी तब जब कार में ड्राइवर मौजूद था। पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार तीन युवक कार के आसपास कई मिनट तक घूमते रहे। पहला युवक ड्राइवर के पास जाकर कहता है कि टायर में दिक्कत लग रही है”, और उसे कार से नीचे उतरने के लिए कहता है। इसी बीच दूसरा युवक पीछे का दरवाजा खोलता है और सीट पर रखा ज्वेलरी से भरा बैग और लैपटॉप निकाल लेता है। तीसरा युवक कुछ दूरी पर खड़े होकर पूरे माहौल पर नजर रखता है। तीनों युवक चोरी करने के बाद तेजी से गली में भाग निकलते हैं। फुटेज में पूरी प्रक्रिया 3 मिनट 23 सेकेंड तक दिखाई देती है, जबकि चोरी का असली काम केवल 19 सेकेंड में पूरा हो गया। जब डॉ. शिखा सचान और उनके पति, जो बीएचयू में ही बाल रोग विभाग के प्रोफेसर हैं, थोड़ी देर बाद कार के पास लौटे, तो उन्हें कार की पिछली सीट पर रखा बैग और लैपटॉप गायब मिला। ड्राइवर ने पहले सोचा कि शायद बैग कहीं नीचे या आगे रखा हो, लेकिन खोजबीन के बाद पुष्टि हुई कि चोरी हो चुकी है। तुरंत लक्सा पुलिस को सूचना दी गई। डा शिखा ने लक्सा थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। लक्सा पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से उनकी गतिविधियों को ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस टीमों को संभावित ठिकानों पर भेजा गया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




