देवरिया : जुलूस-ए-मोहम्मदी में उमड़े अकीदतमंद, अमन-भाईचारे का दिया संदेश

पूर्व विधायक डॉ0आशुतोष उपाध्याय ने किया जुलूस का स्वागत
असगर अली/देवरिया। जनपद में ईद मिलादुन्नबी का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक घरों, मस्जिदों और प्रमुख स्थानों को रंग-बिरंगी रोशनी, झंडियों और आकर्षक सजावट से सजाया गया। कई जगह मस्जिदों और दरगाहों के मॉडल भी बनाए गए, शहर में पारंपरिक जुलूस-ए-मोहम्मदीअमनगेट से शुरू हुआ। जुलूस तहसील रोड, अबूबकर नगर, नगरपालिका रोड, कोऑपरेटिव चौराहा और सुभाष चौक होते हुए ईदगाह पहुंचा। यहां विभिन्न मोहल्लों और क्षेत्रों से निकले अन्य जुलूस भी मुख्य जुलूस में शामिल हुए। इसके बाद जुलूस स्टेशन रोड और मोतीलाल रोड से होकर अपने-अपने निर्धारित स्थानों की ओर रवाना हुआ।फजर की नमाज के बाद अलग-अलग मोहल्लों से छोटे जुलूस और अंजुमन मुख्य जुलूस में शामिल हुए। उलमा-ए-कराम और धार्मिक पदाधिकारियों की मौजूदगी में दुआ-ख्वानी के साथ जुलूस का शुभारंभ हुआ। मदरसों के छात्र, शिक्षक और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। जुलूस के दौरान नात-ओ-दुरूद पढ़ते हुए लोगों ने अमन, शांति और भाईचारे का संदेश दिया।मुख्य जुलूस से पहले अबूबकर नगर स्थित जामा मस्जिद में परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। शहर काजी ने अमन, भाईचारे, इंसानियत और नेक अमाल का संदेश दिया। परचम बुलंद होते ही परिसर धार्मिक नारों से गूंज उठा। इस दौरान अंजुमन इस्लामिया के सदर जलालुद्दीन खान, मुन्नालारी, आरिफ जमाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।ईद मिलादुन्नबी के मौके पर देवरिया शहर के अलावा सलेमपुर, भाटपाररानी, बनकटा, रामपुर कारखाना और देसही देवरिया समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में भी जुलूस निकाले गए। मस्जिदों और घरों में विशेष इबादत व नातख्वानी हुई। लोगों ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जीवन और उनकीशिक्षाओं को याद किया।जुलूस में गंगा जमुनी तहजीब देखने को मिला और तमाम समाजसेवी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। जुलूस को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। जुलूस मार्ग, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। यातायात पुलिस ने भी निर्धारित रूट के अनुसार व्यवस्था संभाली। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों के अनुसार, जुलूस शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराया गया।



