
डॉ शिव यादव
वाराणसी। मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र, शिक्षाशास्त्र विभाग, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के शैक्षणिक सलाहकार समिति की बैठक शनिवार को कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। प्रशासनिक भवन स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में आयोजित बैठक में केंद्र द्वारा वित्तीय वर्ष में आयोजित कार्यकमों की समीक्षा की गई। साथ ही उनकी गुणवत्ता में सुधार हेतु आवश्यक सुझाव प्रदान किए गए। कुलपति प्रो. त्यागी ने बताया कि वर्तमान केंद्र से संबंधित सूचनाओं के प्रचार प्रसार हेतु विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र का लिंक प्रदान किया जायेगा। साथ ही विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के साथ मिलकर संयुक्त रूप से कार्यक्रम आयोजित किए जाय, जिससे सम्बद्ध महाविद्यालयों को भी योजना का लाभ मिल सके।
बैठक में केंद्र निदेशक प्रो. सुरेंद्र राम ने केंद्र द्वारा संपादित एवं भविष्य में आयोजित किए जाने वाले कार्यकमों का विवरण प्रस्तुत किया। लाल बहादुर शास्त्री केंद्रीय विश्वविद्यालय की प्रो. अमिता पाण्डेय भारद्वाज ने भावी कार्यक्रमों में जीवन कौशल, कृत्रिम बुद्धि एवं नवीन शिक्षण पद्धतियों को शामिल करने पर जोर दिया। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग द्वारा नामित सदस्य प्रो. शिवराज सिंह ने कहा कि केंद्र द्वारा संपादित कार्यक्रमों की सूचना केंद्रीय एवं राज्य विश्वविद्यालय को प्रेषित की जाय जिससे इसका लाभ राष्ट्र के समस्त शिक्षकों को मिल सके साथ ही इसकी सूचना समिति के सदस्यों को भी प्रदान की जाय। धन्यवाद ज्ञापन केंद्र के कार्यक्रम संयोजक प्रो. रमाकांत सिंह ने किया।




