
राकेश चंदेल
सोनभद्र (घोरावल)।बेसिक शिक्षा विभाग घोरावल के तत्वावधान में दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ बुधवार को केवली स्थित परिषदीय विद्यालय परिसर में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक घोरावल डॉ. अनिल कुमार मौर्य एवं ब्लॉक प्रमुख दीपक पटेल ने संयुक्त रूप से किया।
शुभारंभ से पूर्व मुख्य अतिथियों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार पटेल ने मुख्य अतिथियों का बैज अलंकरण, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व एआरपी एवं वरिष्ठ शिक्षक दीनबंधु त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर कंपोजिट विद्यालय विसुंधरी एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय कड़ियां की छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनों का मन मोह लिया।विधायक डॉ. अनिल मौर्य ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ मस्तिष्क के लिए खेल अत्यंत आवश्यक हैं। खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को बढ़ाते हैं। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी पहचान बनाने का सुनहरा अवसर मिलता है। शिक्षा के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार है।” ब्लॉक प्रमुख दीपक पटेल ने कहा कि “ग्रामीण परिवेश में खेल प्रतियोगिताएं बच्चों को न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनाती हैं बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता और सहयोग की भावना भी विकसित करती हैं।

खंड शिक्षा अधिकारी अरविंद पटेल ने प्रतिभागियों की सराहना करते हुए बताया कि “न्याय पंचायत स्तर पर चयनित प्रतिभागी इस ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।यहाँ सफल प्रतिभागी आगे डायट परिसर में आयोजित होने वाली जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं के बीच कबड्डी, दौड़, बैडमिंटन,खो-खो सहित कई खेलों में जोरदार मुकाबले हुए। मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।कार्यक्रम में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जिलाध्यक्ष अशोक कुमार त्रिपाठी, महामंत्री इंदु प्रकाश सिंह, जिला मीडिया प्रभारी सौरभ कार्तिकेय श्रीवास्तव, महिला उपाध्यक्ष ममता, महिला शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष कौसर जहां सिद्दीकी, पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष अनिल सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष शिवशंकर, अटेवा ब्लॉक अध्यक्ष राजेश बेस, राजेश सिंह, पूर्व एआरपी अखिलेश सिंह, एआरपी मयंक द्विवेदी, अनिल कुमार, दिनेश दुबे, उदय लहरी, उमाशंकर सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण मौजूद रहे।




