
धूल भरी लू ने लोगों को किया बेचैन,जानवर भी परेशान
आकाश वर्मा
आगरा। आगरा में पिछले कुछ दिनों से गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सुबह से ही सूरज की तेज किरणें लोगों के शरीर को झुलसाने लगती हैं। लोग ही नहीं बल्कि बेजुबान जानवर भी परेशान नजर आ रहे हैं। दोपहर के समय चिलचिलाती धूप के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है, लोग बेहद जरूरी कामों के लिए ही घरों से बाहर निकलते हैं। बीते चार दिनों से शहरवासी इस झुलसा देने वाली गर्मी से बेहाल हैं। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आने वाले दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहेगा और गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी। बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी सतर्कता बरतते हुए प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें। यदि बाहर निकलना जरूरी हो तो पूरे शरीर को ढक कर रखें, टोपी, छाता और चश्मे का इस्तेमाल करें और लगातार तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। इस अपील में गर्मी से बचने के लिए नींबू पानी, लस्सी, शिकंजी, छाछ और पानी की मात्रा बढ़ाने पर जोर दिया गया है।
संभावना जताई जा रही है कि आने वाली 14, 15 और 16 तारीख को आंधी और बारिश हो सकती है जिससे लोगों को कुछ हद तक राहत मिल सकती है। जानवर सड़कों पर बेचन नजर आ रहे हैं। हालांकि सोचने वाली बात है कि नगर निगम द्वारा पशुओं पर लगाम लगाने हेतू तो कई प्रयास किए जाते हैं परन्तु ऐसी भयानक गर्मी में बेजुबानों के लिए पानी तक की व्यवस्था नहीं की जाती हैं। सबसे ज्यादा परेशान कुत्ते व गाय दिखते हैं जो पानी की तलाश करते नजर आते हैं। कई जगह तो जागरूक व पशु प्रेमी अपने घरों के बाहर इन बेजुबानों के लिए खाने पानी की व्यवस्था करते नजर आए। आगरा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक रोजाना आते हैं। लेकिन गर्मी के इस प्रकोप ने पर्यटन गतिविधियों पर भी असर डाला है। ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों पर दोपहर के समय पर्यटकों की संख्या की कम रहती है। पर्यटक सुबह और शाम के वक्त ही स्मारकों का दीदार करने में रुचि रखते नजर आ रहे है क्योंकि जैसे जैसे सूरज का पारा चढ़ता है वैसे वैसे गर्मी का प्रकोप लोगों को परेशान करता है। पिछले दिनों में देखा गया है कि गर्मी की वजह से पर्यटकों की तबीयत बिगड़ने के मामले भी सामने आए थे।




