देवरिया : कृषि विभाग की टीम ने 13 खाद की दुकानों पर की छापामारी

असगर अली/ ब्यूरो चीफ,देवरिया । जनपद में कृषि विभाग की टीमों ने शनिवार को खाद की दुकानों पर छापेमारी की। किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से 13 दुकानों की जांच की गई। चार दुकानों से नमूने लिए गए और दो दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। यह अभियान जिले की कई तहसीलों में चलाया गया। बरहज तहसील में उप कृषि निदेशक, भाटपाररानी और सलेमपुर में सहायक पौध संरक्षण अधिकारी, जबकि रुद्रपुर और देवरिया तहसील में जिला कृषि अधिकारी के नेतृत्व में टीमों ने दुकानों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने खाद की उपलब्धता, स्टॉक और बिक्री व्यवस्था की गहनता से जांच की। निरीक्षण के दौरान संदेह के आधार पर चार जगह सैंपल लिए गए।निरीक्षण के दौरान दुकानों पर उपलब्ध खाद के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। इसके अलावा पीओएस मशीन, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री अभिलेखों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने विक्रेताओं को सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट रखने और बिक्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। जांच के दौरान मिश्रौली स्थित मिश्रा खाद बीज भंडार बंद मिला। इस पर संबंधित फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। वहीं महुआनी के गुप्ता बीज भंडार के अभिलेख अपूर्ण पाए गए। फर्म से स्पष्टीकरण मांगा गया है।कृषि विभाग की टीमों ने विक्रेताओं को निर्देश दिए कि किसानों को निर्धारित मूल्य पर और उनके रकबे के आधार पर ही खाद की बिक्री की जाए। गैर-अनुदानित खाद की अनावश्यक टैगिंग कर किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि उर्वरक की कालाबाजारी, ओवररेटिंग और अनियमित बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों के हित में जिलेभर में खाद विक्रेताओं की जांच और छापेमारी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




