देवरिया : जिलाधिकारी की अध्यक्षता में स्वयं सहायता समूह की सखियों के साथ बैठक आयोजित

असगर अली
देवरिया। उ०प्र० राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अन्तर्गत मुस्कान प्रेरणा संकुल संघ, बैकुण्ठपुर सहित अन्य विकास खण्डों की समूह सखियों की विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित गांधी सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवरिया, उपायुक्त स्वतः रोजगार, खण्ड विकास अधिकारी देवरिया सदर सहित मिशन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान समूह सखियों ने ड्रेस कोड निर्धारण एवं पहचान पत्र जारी करने, समय से मानदेय भुगतान, लोकोश एप पर कार्य के लिए अतिरिक्त धनराशि तथा ड्राई राशन के उठान हेतु भुगतान न मिलने से सम्बन्धित मांगें रखीं। जिलाधिकारी ने समूह सखियों की ड्रेस कोड निर्धारण की मांग पर मिशन मुख्यालय को प्रस्ताव प्रेषित करने तथा पहचान पत्र जारी कराने के लिए उपायुक्त स्वतः रोजगार को निर्देशित किया। समय से मानदेय भुगतान की मांग पर उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को समूह सखी एवं अन्य सामुदायिक कैडरों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा कर खण्ड विकास अधिकारियों के माध्यम से पत्रावली प्राप्त कर समय से भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
लोकोश एप पर कार्य के लिए अतिरिक्त धनराशि की मांग के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि समूह सखियों का कार्य पहले से ही लोकोश एप आधारित है तथा नीति के अनुसार मानदेय के अतिरिक्त कोई अलग भुगतान देय नहीं है। हालांकि, इस सम्बन्ध में मिशन मुख्यालय को प्रस्ताव भेजने के निर्देश उपायुक्त स्वतः रोजगार को दिए गए। वहीं ड्राई राशन उठान हेतु धनराशि न मिलने के मामले में मुख्यालय से पत्राचार कर शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए गए। बैठक के अंत में उपायुक्त स्वतः रोजगार ने सभी प्रतिभागी समूह सखियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक समाप्ति की घोषणा की।




