यूपी में मतदाता सूची में पात्र नागरिकों का नाम शामिल करने के लिए चला विशेष अभियान

आगामी 24 अक्टूबर को भी प्रदेश के समस्त बूथों पर आयोजित होगा यह अभियान
लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा पहली बार बनने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित करने के उद्देश्य से शनिवार को प्रदेश के समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत पात्र नागरिकों विशेषकर महिलाओं तथा युवाओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करने के लिए फॉर्म-6 भरवाए गए।
इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पारदर्शिता को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा स्वयं 175- लखनऊ कैंट विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र सेण्ट ऐगन्स लोरेटो डे स्कूल, स्टेशन रोड तथा 174 लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संस्कृत विद्यापीठ विशाल खंड, गोमती नगर, लखनऊ में निरिक्षण किया गया। जनपदों में जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा भी विभिन्न मतदेय स्थलों का स्थलीय भ्रमण कर पर्यवेक्षण किया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पर्यवेक्षण के दौरान बूथ पर उपस्थित बूथ लेवल अधिकारी एवं आये हुए नागरिकों से संवाद भी किया गया। बूथ लेवल अधिकारी द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता का आकलन किया गया। यह भी सुनिश्चित किया गया कि बीएलओ मतदाता सूची एवं पूरक सूची तथा पर्याप्त मात्रा में फार्म-6 के साथ निर्धारित समय पर बूथों पर उपस्थित रहें साथ ही मतदेय स्थल पर आ रहे नागरिकों के नाम जांचने में जिन पात्र नागरिकों का नाम किन्ही कारणों से सूची में अभी तक शामिल नहीं हो सका है, उनका आवेदन फार्म-6 भरवा कर जमा कराया जाए।
उन्होंने बताया कि विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिकतम शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए। भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के ईपी रेशियो एवं जेंडर रेशियो में वृद्धि जन जागरूकता एवं जन सहभागिता से ही संभव है। आयोग इस दिशा में निरंतर सक्रिय प्रयास कर रहा है। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट का भी सहयोग इस कार्य में आवश्यक है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि आगामी 24 अक्टूबर को भी आयोजित होने वाले विशेष अभियान में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम अपने संबंधित बूथ की मतदाता सूची में अवश्य जांचें। यदि नाम सम्मिलित न हो तो फार्म-6 भरकर अपने बीएलओ को जमा करें। इसके अलावा ऑनलाइन https://पोर्टल-voters.eci.gov.in पर अथवा ECINET मोबाइल ऐप के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।



