Ghazipur News नवरात्रि व मूर्ति विसर्जन को लेकर प्रशासन अलर्ट

डीएम और एसपी ने किया पैदल गश्त व विसर्जन स्थल का निरीक्षण
गाजीपुर । शारदीय नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने थाना कोतवाली क्षेत्र के संवेदनशील एवं प्रमुख मार्गों पर संयुक्त रूप से पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पैदल गश्त के दौरान अधिकारियों ने आम नागरिकों, दुकानदारों और व्यापारियों से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आमजन से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील भी की। इसके बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रजागंज स्थित मूर्ति विसर्जन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, सुरक्षा प्रबंधों और विसर्जन मार्गों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को विसर्जन मार्ग पर मौजूद गड्ढों को समय से भरवाने तथा बिजली के लटकते तारों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और विसर्जन कार्यक्रम सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, थाना प्रभारी कोतवाली सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला संवाददाता विवेकानंद राय



