गाजीपुर : मिशन शक्ति फेज-6 के तहत एंटी रोमियो टीम ने की चेकिंग, चलाया जागरूकता अभियान

गाजीपुर (विवेकानंद राय)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति फेज-6 अभियान के अंतर्गत पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, प्रमुख बाजारों, संवेदनशील इलाकों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। अभियान के तहत पुलिस बल ने लोगों को महिला सुरक्षा के महत्व की जानकारी देते हुए मिशन शक्ति के उद्देश्यों से अवगत कराया। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में पुलिस से तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं, जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में गठित एंटी रोमियो टीमों द्वारा संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण एवं चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध रूप से घूमने वाले शोहदों की जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। महिला सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।




