गाजीपुर : रंगकर्मी शिवमूर्ति सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि 14 नवम्बर को, होगा पुस्तक का लोकार्पण

गाजीपुर । जनपद के सुप्रसिद्ध रंगकर्मी स्वर्गीय शिवमूर्ति सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर 14 नवंबर शनिवार को पुस्तक लोकार्पण समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। उनके जीवन, संघर्ष और रंगमंच के प्रति समर्पण पर आधारित पुस्तक ‘रंगकर्मी शिवमूर्ति सिंह की रंगयात्रा’ का लोकार्पण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे नगर के मधुबाग स्थित कान्हा हवेली में किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य स्वर्गीय शिवमूर्ति सिंह की स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाए रखना तथा रंगमंच और सांस्कृतिक क्षेत्र में उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में काशी के अवकाश प्राप्त आचार्य एवं हिंदी विभाग, बीएचयू के प्रो. (डॉ.) अवधेश प्रधान तथा विशिष्ट वक्ता के रूप में सुल्तानपुर के पूर्व प्राचार्य प्रो. (डॉ.) राधेश्याम सिंह उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त सारस्वत वक्ता के रूप में गाजीपुर पीजी कॉलेज के पूर्व विभागाध्यक्ष अर्थशास्त्र प्रो. (डॉ.) श्रीकान्त पाण्डेय एवं बलिया के रंगकर्मी सुनील यादव अपने विचार व्यक्त करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीजी कॉलेज गाजीपुर के पूर्व प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार सिंह करेंगे, जबकि संचालन डी.ए.वी. इंटर कॉलेज गाजीपुर के प्राध्यापक डॉ. संतोष कुमार तिवारी करेंगे।



