Slide 1
Slide 1
गाजीपुर

गाजीपुर : 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना,अब घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार का विवरण

जनगणना में भागीदारी के लिए नागरिकों से अपील, स्व-गणना के बाद भी घर-घर पहुंचेंगे जनगणना कर्मी

गाजीपुर ( विवेकानंद राय ) । भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारत की जनगणना- 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जनगणना के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना (Population Enumeration-PE) के तहत नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित होगी। इसके माध्यम से लोग घर बैठे आधिकारिक पोर्टल पर अपने परिवार और सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे । स्व-गणना करने के लिए नागरिकों को सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाना होगा। इसके बाद उत्तर प्रदेश राज्य का चयन कर अपनी पसंद की भाषा चुननी होगी। पोर्टल पर दिए गए निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने के बाद प्रथम चरण में जनगणना कर्मी को उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर को दर्ज करना होगा। कैप्चा भरने और मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के सत्यापन के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी । इसके बाद पोर्टल पर घर की लोकेशन का मिलान किया जाएगा। यदि लोकेशन सही मिलती है तो आगे बढ़ा जा सकेगा। लोकेशन का मिलान नहीं होने की स्थिति में जिला, उपजिला और गांव अथवा शहर का चयन करके मानचित्र पर अपने घर की सही स्थिति दर्ज करनी होगी। इसके बाद परिवार के मुखिया का विवरण भरकर सुरक्षित करना होगा तथा परिवार के अन्य सदस्यों को एक-एक करके जोड़ते हुए उनकी मांगी गई जानकारियां दर्ज करनी होंगी।

परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरने के बाद शेष प्रश्नों का उत्तर देकर पूरी जानकारी की अच्छी तरह जांच करनी होगी। सभी विवरण सही पाए जाने पर फॉर्म सबमिट करना होगा। फॉर्म जमा होने के बाद प्राप्त होने वाली SE ID (स्व-गणना पहचान संख्या) को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी होगा। जब जनगणना कर्मी घर पर पहुंचेंगे, तब उन्हें यह SE ID दिखाकर आवश्यक सत्यापन कराना होगा । महत्वपूर्ण बात यह है कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर लेने के बावजूद नागरिकों को जनगणना कर्मियों के सत्यापन में सहयोग करना होगा। जारी जानकारी के अनुसार, 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इस दौरान परिवार के सभी सदस्यों की सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराना नागरिकों की जिम्मेदारी होगी। भारत की जनगणना देश की जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति और विकास योजनाओं के बेहतर निर्धारण के लिए महत्वपूर्ण आधार होती है। इसलिए सभी नागरिकों से अपील है कि वे निर्धारित समय में स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी करें और जनगणना कर्मियों को सही जानकारी देकर सहयोग करें। जनगणना में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जनकल्याण और देश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

आधिकारिक पोर्टल :https://se.census.gov.in 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button