Slide 1
Slide 1
गाजीपुर

गाजीपुर : लंबित मांगों को लेकर लेखपाल संघ ने सीएम को भेजा पत्र, 2800 ग्रेड पे की मांग प्रमुख


गाजीपुर। सेवराई तहसील क्षेत्र में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की लंबित एवं न्यायोचित मांगों को लेकर संगठन ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित पत्र उपजिलाधिकारी सेवराई के माध्यम से भेजा है। संघ ने पत्र के माध्यम से वर्षों से लंबित मांगों पर शासन स्तर से गंभीरता पूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पत्र में लेखपाल संघ ने कहा है कि लेखपाल राजस्व प्रशासन की आधारशिला होते हुए निरंतर बढ़ते कार्यभार, संसाधनों के अभाव, लंबित पदोन्नति, वेतन विसंगति, अतिरिक्त कार्यभार तथा अवकाश के दिनों में भी ड्यूटी जैसी अनेक समस्याओं का सामना कर रहे हैं। शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, किसान हितैषी कार्यक्रमों, राजस्व अभिलेखों के अद्यतन, विरासत, नामांतरण, पैमाइश, ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन, कानून- व्यवस्था तथा अन्य शासकीय कार्यों में लेखपालों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। संघ ने पत्र में अपनी प्रमुख मांगों में प्रारंभिक वेतनमान 2800 ग्रेड पे किए जाने तथा वेतन विसंगति दूर किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि यह मांग लंबे समय से लंबित है। संघ के अनुसार इस संबंध में शासन स्तर से पूर्व में भी पत्राचार किया जा चुका है। पत्र में आशापत्र संख्या 5829/4-33/2013 टीसीसी (1), दिनांक 13 नवंबर 2017 का उल्लेख करते हुए 2800 ग्रेड पे एवं वेतन विसंगति दूर किए जाने के संबंध में पत्र प्रेषित किए जाने की बात कही गई है। संघ का कहना है कि वर्षों से लंबित मांगों के समाधान से लेखपाल संवर्ग को राहत मिलेगी और वे अधिक प्रभावी ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। लेखपाल संघ ने मुख्यमंत्री से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए आवश्यक निर्णय लेने तथा लंबित मांगों का शीघ्र निस्तारण कराने की अपील की है।

जिला संवाददाता ,विवेकानंद राय

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button