नई दिल्ली : म्यांमार से वेनेजुएला तक भारत के राहत अभियानों की क्वाड मंच पर सराहना

संवाददाता,नई दिल्ली / जामनगर। वैश्विक मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) के क्षेत्र में भारत ने अपनी अग्रणी भूमिका को एक बार फिर सिद्ध किया है। गुजरात के जामनगर स्थित एयर फोर्स स्टेशन में भारतीय वायुसेना द्वारा आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक संयुक्त एचएडीआर अभ्यास ‘एक्सरसाइज सहायता सेतु 2026’ में क्वाड समूह के देश, भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका ने पर्यवेक्षकों के रूप में भाग लिया। 17 से 19 नवंबर तक चले इस बहुराष्ट्रीय अभ्यास में 24 मित्र देशों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जिसका उद्देश्य बड़ी प्राकृतिक आपदाओं के समय अंतरराष्ट्रीय समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया को मजबूत करना है।
अभ्यास के दौरान ‘क्वाड एचएडीआर वर्किंग ग्रुप’ के अध्यक्ष के तौर पर भारत ने एक विशेष क्वाड बैठक भी बुलाई। इस उच्चस्तरीय बैठक का मुख्य उद्देश्य आपदा राहत के क्षेत्र में क्वाड की अब तक की प्रगति की समीक्षा करना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में आपदा की पूर्व तैयारी तथा प्रतिक्रिया के मामले में क्षेत्रीय सहयोग को और सुदृढ़ बनाना था।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक बयान में कहा ‘सहायता सेतु 2026’ के अंतर्गत आयोजित संगोष्ठी में ‘भारत की बढ़ती वैश्विक एचएडीआर उपस्थिति’ विषय पर एक महत्वपूर्ण पूर्ण सत्र हुआ। इस सत्र का संचालन विदेश मंत्रालय में रैपिड रिस्पॉन्स कोऑर्डिनेशन की संयुक्त सचिव प्रियंका चौहान ने किया। सत्र के दौरान भारतीय सेना, भारतीय नौसेना, विदेश मंत्रालय के आरआरसी, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) तथा श्रीलंका और म्यांमार के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सभी प्रतिनिधियों ने भारत द्वारा हाल के वर्षों में चलाए गए प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मानवीय अभियानों, म्यांमार में ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’, श्रीलंका में ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ और वेनेजुएला में ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’, से जुड़े अपने जमीनी अनुभव और केस स्टडीज़ साझा किए। इस चर्चा ने स्पष्ट किया कि भारत न केवल अपने पड़ोसी देशों बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों में भी संकट के समय ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ (प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता) के रूप में उभरा है। रक्षा और विदेश नीति के जानकारों का मानना है कि जामनगर में क्वाड देशों की उपस्थिति और म्यांमार से वेनेजुएला तक भारत के राहत अभियानों की क्वाड मंच पर सराहना यह दर्शाती है कि भारत वैश्विक आपदा प्रबंधन में एक भरोसेमंद मार्गदर्शक बन चुका है।




