Slide 1
Slide 1
वाराणसी

वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में शामिल होगी सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम

सुशील कुमार मिश्र
हिंदुस्तान संदेश /वाराणसी
भारतीय वायु सेना की सुप्रसिद्ध सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम 25 अक्टूबर 2026 को वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का प्रमुख आकर्षण होगी। भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगाँठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस भव्य हवाई प्रदर्शन में सारंग टीम अपनी शानदार हवाई कलाबाज़ियों और सटीक उड़ान कौशल का प्रदर्शन करेगी। वर्ष 2003 में स्थापित सारंग टीम ने तब से न केवल देश में, बल्कि विश्व के अनेक देशों में अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया है।
नमो घाट पर होने वाला यह हवाई प्रदर्शन वाराणसी के लोगों को सारंग टीम के अद्भुत हवाई करतबों को प्रत्यक्ष देखने का अवसर प्रदान करेगा। पाँच स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टरों (ALH) ध्रुव के साथ उड़ान भरने वाली यह टीम अपने समन्वित फॉर्मेशन और सटीक उड़ान कौशल के माध्यम से भारतीय वायु सेना की उच्च स्तरीय उड़ान दक्षता, अनुशासन, टीम भावना और व्यावसायिक उत्कृष्टता का परिचय देगी।
अपने विशिष्ट हवाई प्रदर्शनों के लिए प्रसिद्ध सारंग टीम स्वदेशी विमानन क्षमता का सशक्त प्रतिनिधित्व करती है और भारतीय वायु सेना के राजदूत के रूप में देश-विदेश में भारत की विमानन उपलब्धियों को प्रदर्शित करती है। यह टीम उत्कृष्टता के प्रति भारतीय वायु सेना की प्रतिबद्धता को दर्शाने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को विमानन के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी करती है । इस एयर शो में बड़ी संख्या में दर्शकों, विद्यार्थियों, युवाओं और विमानन के प्रति रुचि रखने वाले लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। यह आयोजन उन्हें एक यादगार अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ भारतीय वायु सेना को करीब से जानने और उससे जुड़ने का अवसर भी देगा।
इस आयोजन में सारंग टीम की भागीदारी भारतीय वायु सेना और देशवासियों के बीच संबंधों को और सुदृढ़ करेगी। साथ ही, यह भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगाँठ के अवसर पर सेवा, नवाचार और राष्ट्रीय गौरव की भावना का उत्सव भी होगा। उत्कृष्टता के माध्यम से प्रेरणा” के आदर्श वाक्य के साथ सारंग टीम निरंतर अपने शानदार हवाई प्रदर्शनों से दर्शकों को रोमांचित कर रही है और देशभर के युवा मनों में नए सपनों तथा ऊँची उड़ान भरने का उत्साह जगा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button