बुलंदशहर : बिल्डिंग मटेरियल डस्ट उतारते समय गिरा पोल, परिचालक की मौत

मोहित त्यागी /बुलदशहर। स्याना वैरा रोड स्थित कॉलोनी में रविवार को डंपर से डस्ट उतारते समय अचानक पोल गिरने से उसकी चपेट में आकर 28 वर्षीय परिचालक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार संभल जनपद के सराय तरीन मोहल्ला निवासी आमिर (28 वर्ष) डंपर पर परिचालक के रूप में कार्यरत था। वह रामपुर जिले के अजीतपुर से डंपर में डस्ट भरकर स्याना आया था। रविवार दोपहर वैरा रोड स्थित एक कॉलोनी में डंपर से डस्ट उतारी जा रही थी। इसी दौरान अचानक बिजली का पोल गिर गया और आमिर उसकी चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी रामनारायण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों को सूचना दे दी गई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। डंपर चालक से पूछताछ की जा रही है। सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत से परिवार में मचा कोहराम गया है।



