गाजीपुर : अंतर्राज्यीय अवैध शस्त्र तस्करी का भंडाफोड़, 38 हथियारों के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

गाजीपुर । अवैध शस्त्रों की तस्करी, बिक्री और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और थाना कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने 01 अक्टूबर 2026 की देर रात कैथवलिया पुलिया के पास घेराबंदी कर तीन कथित अंतर्राज्यीय शस्त्र तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध आग्नेयास्त्र, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, नकदी और एक मोटर- साइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, रात करीब 01:45 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ अवैध शस्त्र तस्कर भारी मात्रा में हथियार लेकर कैथवलिया पुलिया के पास एक दोपहिया वाहन के साथ मौजूद हैं और हथियारों की डिलीवरी की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया । स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी सुमित बालियान तथा कोतवाली पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी और निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम को एक मोटरसाइकिल के पास तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही तीनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रतन विश्वकर्मा पुत्र काशीनाथ विश्वकर्मा निवासी भदौरा, थाना गहमर, उम्र करीब 19 वर्ष, रवि कुमार पुत्र हरिशंकर चौधरी निवासी भदौरा, थाना गहमर, उम्र करीब 19 वर्ष तथा अभिषेक कुमार पुत्र धर्मराज राम निवासी फुल्ली, थाना दिलदारनगर, उम्र करीब 20 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस द्वारा नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके पास और पिट्ठू बैगों से बड़ी संख्या में अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए।

पुलिस के अनुसार कुल बरामदगी में 18 पिस्टल .32 बोर, 01 पिस्टल .9 एमएम, 19 देशी तमंचे .315 बोर, 11 जिंदा कारतूस .32 बोर, 02 जिंदा कारतूस .9 एमएम तथा 05 जिंदा कारतूस .315 बोर शामिल हैं। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन, 900 रुपये नकद और TVS Apache मोटरसाइकिल संख्या UP61BJ 5035 भी बरामद की गई है। पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश के खंडवा और बुरहानपुर क्षेत्र से अवैध हथियार लेकर गाजीपुर में उनकी डिलीवरी करने आए थे। पुलिस ने पूछताछ में सामने आए अन्य व्यक्तियों और संपर्कों की जानकारी का सत्यापन शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि हथियारों के स्रोत, तस्करी नेटवर्क, संभावित खरीदारों तथा आरोपियों के पूर्व और पश्चात संपर्कों की जांच के लिए तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। बरामद हथियारों के संबंध में तीनों आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद हथियारों को पुलिस ने कब्जे में लेकर सील किया है तथा गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई की वीडियोग्राफी/फोटोग्राफी ई-साक्ष्य के माध्यम से की गई है। पुलिस के अनुसार मामले में दो अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है।
इस कार्रवाई में स्वाट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह, सर्विलांस सेल प्रभारी सुमित बालियान, चौकी प्रभारी गोरा बाजार शिवाकान्त मिश्रा, अपराध निरीक्षक/प्रभारी देवेन्द्र कुमार मिश्रा सहित कोतवाली पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। गाजीपुर पुलिस का कहना है कि अवैध शस्त्रों की तस्करी और संगठित आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
संवाददाता, विवेकानंद राय ,गाज़ीपुर



