‘नई दिल्ली : दक्षिण’ दिवस का संकल्प- ग्लोबल साउथ के विकास का सच्चा साथी भारत

‘
नईदिल्ली । विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने विकासशील देशों के बीच आपसी सहयोग को नई ऊंचाई देने का आह्वान करते हुए ग्लोबल साउथ के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया है। उन्होंने नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में विकासशील देशों की अनुसंधान और सूचना प्रणाली (आरआईएस) के अंतर्गत संचालित ‘ग्लोबल साउथ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ – ‘दक्षिण’ के तीसरे स्थापना दिवस (‘दक्षिण दिवस 2026’) के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय उच्च-स्तरीय नीति संवाद को संबोधित किया। इस संवाद का मुख्य विषय ‘ग्लोबल साउथ: एक नई रणनीतिक साझेदारी की ओर’ रखा गया है। अपने मुख्य संबोधन में राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने कहा कि भारत एक सशक्त, समावेशी और अधिक प्रतिनिधित्व वाले ग्लोबल साउथ के निर्माण के लिए पूरी तरह समर्पित है। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि ग्लोबल साउथ के देशों को केवल अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करने वाला बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें वैश्विक नियमों और मानकों के निर्माण व निर्धारण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने भारत और अफ्रीका के बीच रणनीतिक साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ करने तथा सह-विकास पर आधारित साझा समाधान खोजने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
कीर्तिवर्धन सिंह ने ‘एक्स’ पर लिखा ग्लोबल साउथ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के तीसरे स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित उच्च-स्तरीय नीति संवाद को संबोधित किया। ‘ग्लोबल साउथ’ में गहरी साझेदारी और साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा मैंने एक सशक्त और अधिक प्रतिनिधि वैश्विक दक्षिण के प्रति भारत की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला, जिसमें दक्षिण ज्ञान साझा करने, साझेदारी को मजबूत करने और विकास समाधानों को व्यापक स्तर पर लागू करने के लिए एक मंच के रूप में कार्य करता है। इस दौरान ‘दक्षिण’ केंद्र की उपयोगिता को रेखांकित करते हुए कीर्तिवर्धन ने बताया कि यह मंच विकासशील देशों के बीच ज्ञान साझा करने, संस्थागत साझेदारियों को मजबूत करने और प्रभावी विकास मॉडलों के विस्तार में महत्वपूर्ण कड़ी साबित हो रहा है। उन्होंने प्रौद्योगिकी, विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तक न्यायसंगत पहुंच, जलवायु परिवर्तन, व्यापार, आपदा प्रबंधन और आर्थिक लचीलापन जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सामूहिक प्रयासों को तेज करने का आग्रह किया। इस अवसर पर विकासशील देशों के बीच कृषि सहयोग और ज्ञान के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और आरआईएस के बीच एक समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए। यह आयोजन वैश्विक पटल पर उभरती अर्थव्यवस्थाओं की साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने की भारत की कूटनीतिक दूरदर्शिता को दर्शाता है।



