गाजीपुर : खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम,भोला ने मारी बाजी

त्रिलोकी नाथ राय / गाजीपुर। मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम कठार में आयोजित बधउतन बाबा कठार रनिंग प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, दमखम और शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का खूब उत्साह बढ़ाया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजवादी पार्टी के कर्नाटक प्रदेश सचिव डॉ. आशीष राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास तथा संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। खेलकूद युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 1600 मीटर दौड़ में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इसमें बिरनो गांव के भोला यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 मिनट 20 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं यूसुफपुर मंडी के चंदन राजपूत ने 4 मिनट 28 सेकंड का समय निकालकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि गहमर गांव के कृष्णा चौधरी तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन को सफल बनाने में आयोजक राकेश चौधरी, शिबू राय, आकाश यादव, चुलबुल यादव सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।




