गाजीपुर : शक्तिनगर थाना में तैनात एसआई सदाशिव राय का हार्ट अटैक से निधन,गांव में शोक की लहर

गाजीपुर। गहमर थाना अंतर्गत ग्राम बसुका निवासी सोनभद्र जिले के शक्तिनगर थाना में उपनिरीक्षक (एसआई) के पद पर तैनात सदाशिव राय का 17 नवंबर दिन मंगलवार की सुबह हृदयाघात से निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन की खबर मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सदाशिव राय पुत्र स्वर्गीय प्यारेकिशुन राय, निवासी ग्राम बसुका, थाना गहमर गाजीपुर, 17 नवंबर की सुबह लगभग 10 से 11 बजे के बीच अचानक सीने और कंधे में तेज दर्द होने के कारण अचेत हो गए। उनकी तबीयत बिगड़ते देख साथी पुलिसकर्मियों और परिजनों ने आनन -फानन में उन्हें एनटीपीसी शक्तिनगर स्थित संजीवनी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।सदाशिव राय अपने पीछे पत्नी इंदु राय सहित पांच संतानों को छोड़ गए हैं। इनमें बड़ी पुत्री दीप शिखा राय (32 वर्ष), जो विवाहित हैं, शिवम राय (29 वर्ष), नेहा राय (26 वर्ष), भूमि राय (21 वर्ष) तथा सबसे छोटे पुत्र किशन राय (19 वर्ष) शामिल हैं। परिवार के मुखिया के अचानक चले जाने से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस असहनीय दुखद घड़ी में परिवार को सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है। एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी के असामयिक निधन से उनके पैतृक गांव बसुका सहित परिचितों और शुभचिंतकों में शोक व्याप्त है। इस हृदयविदारक घटना की जानकारी उनके भतीजे सत्यम राय ने दी।
जिला संवाददाता
विवेकानंद राय
गाजीपुर



