
असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया । जनपद के रामलक्षन चौराहे पर स्थित यूपी ग्रामीण बैंक शाखा में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में समूह की संघ कोषाध्यक्ष गीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस की मौजूदगी में हुई इस घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूत्री के अनुसार, जंगल पिपरा गांव की रहने वाली लक्ष्य प्रेरणा सम्पूर्ण स्तरीय संघ रामलक्षन की कोषाध्यक्ष गीता देवी, अध्यक्ष रंभा देवी और सचिव कान्ती देवी बैंक पहुंची थीं। आरोप है कि उसी दौरान दूसरे पक्ष की कुछ महिलाएं वहां पहुंच गईं और बैंक परिसर में ही गाली-गलौज शुरू कर दी।विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष बैंक के बाहर आ गए, जहां करीब एक दर्जन महिलाओं ने गीता देवी समेत अन्य पर हमला कर दिया। इस मारपीट में गीता देवी का सिर फट गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को किसी तरह अलग कराया। घटना के बाद बैंक परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बताया गया है कि वर्ष 2025 में हुए चुनाव के बाद से ही संघ के पदाधिकारियों को लेकर दो गुटों में विवाद चल रहा था। यह झड़प उसी पुराने विवाद का परिणाम मानी जा रही है।पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए गीता देवी की तहरीर पर मीरा निषाद, दुलारी देवी, माधुरी देवी, संगीता देवी और सुगंधा देवी के खिलाफ मारपीट व बलवा की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आगे की कार्यवाही में जुटी है। घटना का एक वीडियो शनिवार को सामने आया है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




