
असगर अली /देवरिया। जनपद के लार थाना क्षेत्र के लार बाईपास पर बृहस्पतिवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के बरसीपार निवासी राजू यादव (24) पुत्र सुरेंद्र यादव अपने दोस्त अनुराग यादव (25) पुत्र छोटेलाल के साथ बलिया जनपद के उभांव थाना क्षेत्र के हल्दी रामपुर गांव में किसी कार्य से नन्द साहनी के घर गए थे। देर रात वापसी में जब दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, अभी लार बाईपास के पास पहुंचे ही थे तभी एक तेज रफ्तार मैजिक वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने राजू यादव को मृत घोषित कर दिया।दूसरा गंभीर रूप से घायल अनुराग यादव को प्राथमिक उपचार के बाद देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर किया। जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना में शामिल वाहन की तलाश कर रही है। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई। पुलिस ने परिजनों को मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



