गाजीपुर : एफएलएन प्रशिक्षण से मजबूत होगी बच्चों की सीखने की नींव

बीआरसी भाँवरकोल में सात बैचों का प्रशिक्षण कार्यक्रम सकुशल संपन्न, शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीकों का दिया गया प्रशिक्षण
हिंदुस्तान संदेश- त्रिलोकी नाथ राय
गाजीपुर। भाँवरकोल ब्लॉक संसाधन केन्द्र (बीआरसी) भाँवरकोल के प्रांगण में बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन) प्रशिक्षण का अंतिम बैच सोमवार को सकुशल एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। सात बैचों में चले इस प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों को बच्चों के अधिगम स्तर को बेहतर बनाने के लिए आधुनिक एवं प्रभावी शिक्षण तकनीकों से रूबरू कराया गया। प्रशिक्षण सत्र के दौरान एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों के अनुरूप बच्चों में पठन, लेखन एवं गणितीय कौशल विकसित करने के विभिन्न तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से टीएआरएल (Teaching at the Right Level) पद्धति पर जोर देते हुए प्रशिक्षकों ने बताया कि प्रत्येक बच्चे के वर्तमान अधिगम स्तर की पहचान कर उसी के अनुरूप शिक्षण प्रक्रिया अपनाने से बच्चों की बुनियादी शैक्षिक नींव को और मजबूत किया जा सकता है। समस्त सात बैचों में संदर्भदाता (एआरपी) अमित कुमार राय, नीरज राय, रविशंकर राय तथा शिक्षक संदर्भदाता अनुज गौड़ और प्रीतू रंजन ने विभिन्न विषयों पर बेहद रोचक, सहज एवं संवादात्मक तरीके से प्रशिक्षण सत्रों का संचालन किया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विभिन्न गतिविधियों एवं शिक्षण विधियों का अभ्यास किया। प्रशिक्षण में उत्कृष्ट एवं सक्रिय सहभागिता करने वाले शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षकों ने शिक्षकों से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान एवं तकनीकों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित संचालन में बीआरसी कार्यालय के सहायक कश्यप राय, हिमांशु, आलोक प्रकाश, अंशु कश्यप एवं नसीम अख्तर का सराहनीय योगदान रहा। अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।




