लखनऊ : संत रविदास की जयंती पर दोहरीघाट (मऊ) में मंदिर जीर्णोद्धार का शिलान्यास करेंगे मंत्री ए.के. शर्मा

लखनऊ । संत शिरोमणि श्री रविदास की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार द्वारा सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा शुक्रवार, 14 अगस्त को जनपद मऊ के दोहरीघाट भ्रमण के दौरान संत रविदास मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही वह समरसता संकल्प अभियान में भी प्रतिभाग करेंगे। दोहरीघाट स्थित संत रविदास जी मंदिर का जीर्णोद्धार नगर विकास विभाग की वंदन योजना के अंतर्गत कराया जा रहा है। इस कार्य पर लगभग 1 करोड़ 82 लाख रुपये की लागत आएगी। मंदिर के जीर्णोद्धार से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही इस महत्वपूर्ण धार्मिक एवं सामाजिक स्थल को और अधिक भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जाएगा। मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि श्री रविदास ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। प्रदेश सरकार संत रविदास जी के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, उत्थान और सहभागिता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार्मिक, आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थलों के संरक्षण और विकास को प्राथमिकता दे रही है। वंदन योजना के माध्यम से ऐसे स्थलों का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है, जिससे हमारी सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहने के साथ-साथ श्रद्धालुओं और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।



