बुलंदशहर : स्याना पुलिस को मिली बड़ी सफलता
पत्नी की हत्या के 18 दिन बाद आरोपी पति गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद

मोहित त्यागी /बुलंदशहर। कोतवाली स्याना पुलिस ने 18 दिन पहले पत्नी की गला रेतकर हत्या करने के आरोप में फरार चल रहे पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार 28 जून दिन रविवार को स्याना कोतवाली क्षेत्र के गांव हाजीपुर में आरोपी मोनू ने घरेलू विवाद के चलते अपनी पत्नी गीता की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी थी। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। हत्या के बाद से मृतका के परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लगातार सीओ स्याना और कोतवाली स्याना पुलिस के चक्कर काट रहे थे। परिजनों के दबाव और पुलिस की सघन तलाश के बाद रविवार को पुलिस ने आरोपी मोनू को गिरफ्तार कर लिया।सीओ स्याना ने बताया कि आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।



