बुलंदशहर: रंजिश में युवक पर धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर
खुर्जा देहात के हजरतपुर गांव की घटना, घायल को हायर सेंटर किया गया रेफर

बुलंदशहर/ संवाददाता, मोहित त्यागी। थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के हजरतपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमलावरों ने युवक के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया है। पुलिस के मुताबिक हमले के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।


