गाजीपुर : श्रावणी पर्व पर होगा भव्य वेद प्रचार सप्ताह का आयोजन

गाजीपुर। नगर के चीतनाथ स्थित आर्य समाज मंदिर में अंतरंग सभा की बैठक आर्य समाज के प्रधान दिलीप वर्मा की अध्यक्षता में की गई। जिसमें आगामी 3 अगस्त से 9 अगस्त तक श्रावणी पर्व के उपलक्ष्य में विशेष ‘वेद प्रचार सप्ताह’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। विशेष मुख्य अतिथि जिला प्रधान आदित्य प्रकाश ‘वैदिक’ ने कहा कि वेदों का ज्ञान शाश्वत है। इसे जन-जन तक पहुंचाना हम सभी का परम कर्तव्य है। बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रधान दिलीप वर्मा ने बताया कि इस सात दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य वैदिक संस्कृति, सदाचार और वेदों के पवित्र संदेश का प्रचार-प्रसार करना है। वेद प्रचार सप्ताह के अंतर्गत प्रतिदिन दो सत्रों में कार्यक्रम सुनिश्चित किए गए हैं। प्रातः सुबह 7:00 से 10:00 बजे से सत्र में विश्व कल्याण के लिए विशेष यज्ञ, सुरीले भजन और प्रेरणादायक उपदेशों का आयोजन होगा। शाम 7:00 से 10:00 बजे के सत्र में संध्या उपासना, सामूहिक भजन और प्रतिष्ठित विद्वानों द्वारा वेदों के महत्व पर विशेष प्रवचन दिए जाएंगे। साहित्य वितरण : कार्यक्रम के दौरान आम लोगों के लिए वैदिक साहित्य और ज्ञानवर्धक पुस्तकें भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से राकेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, राजेश कुमार, रवीश कुमार, जवाहरलाल, मोहन प्रसाद, रामाधार सहित आर्य समाज के अनेक पदाधिकारी और सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे।



