गाजीपुर : योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुॅचाना आवश्यक – सांसद अफजाल अंसारी
दिशा की बैठक में कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के निर्देश

गाजीपुर। जिला विकास समन्वय एंव निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सांसद अफजाल अंसारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बैठक का एजेण्डा प्रस्तुत किया। सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनान्तर्गत रायपुर से जाही रोड, कुसुम्ही कला से मदनहीं भटौली चोचकपुर रोड, गौसपुर हरिहरपुर सरायगोकुल रोड एवं रेवतीपुर से तिलवां रोड के कार्य को पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होने जनपद मे खाद की स्थिति की जानकारी लेते हुए किसानो को रकबा (जोत) के अनुसार खाद की उपलब्धता सुनिश्चत कराने को कहा। उन्होंने कहा कि गंगा का जनपद मे लगभग 65 किमी का प्रवाह है। बाढ़ के दिनों में जनपद के लगभग 30 गॉव प्रभावित होते हैं, इस लिए सभी प्रभावित गॉवों के लोगों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें व पशुओं का टीकाकरण एवं उपचार की तैयारियां पहले ही कर लिया जाये। आयुष्मान कार्ड से वंचित पात्र व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाये। उन्होंने महिला उत्पीड़न आदि पर महिलाओं की सहायता एवं संरक्षण की रिपोर्ट उपलब्ध कराने हेतु निर्देश दिया। बैठक में सदन द्वारा जल जीवन मिशन (हर घर जल योजना के कार्य प्रगति पर असंतुष्टता व्यक्त की गयी। वहीं सांसद ने पेंशन प्रकरण में 30 व्यक्तियों को मृत घोषित कर उनकी पेंशन बन्द करने की जॉच कर प्राथमिकता के तौर उनकी पेंशन चालू करने के निर्देश दिए और विद्युत विभाग के कार्याे प्रति लापरवाही तथा विभाग की कार्यशैली को बदलने का आग्रह किया। सांसद अफजाल अंसारी ने केन्द्र/राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी, रोजगारपरक एवं गरीबी उन्मूलन योजनाओं का लाभ जिले के पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुॅचाने एवं केन्द्र/प्रदेश सरकार की योजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये। बैठक के दौरान विधायक/ सदस्य/ जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों के जर्जर सड़कों, स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपलब्धता एवं संचालन, प्राथमिक विद्यालयों की मरम्मत, नहरों में रोस्टर के अनुसार टेल तक पानी की उपलब्धता, राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल योजना के अन्तर्गत पेयजल की उपलब्धता एवं पाईप लाइन डालने के पश्चात सडकों की मरम्मत आदि अन्य समस्याओं से अवगत कराया गया। अध्यक्ष द्वारा समस्त संबंधित विभागीय अधिकारियों को उठाई गई समस्त समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का आदेश दिया। बैठक में समस्त सरकारी योजनाओं आदि के सम्बन्ध में कराये गये कार्यो की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गयी।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बैठक में प्राप्त समस्याओं के संबंध में संबधित विभागीय अधिकारियों को ससमय निस्तारण करने एवं सम्बन्धित जनप्रतिनिधिओं को इसकी पृथक से सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक जमानियां ओम प्रकाश सिंह, विधायक मोहम्मदाबाद सुहेब उर्फ मन्नू अंसारी, विधायक सदर जयकिशुन शाहू, विधायक जखनियां बेदीराम, विधायक जंगीपुर डा. विरेन्द्र यादव, विधायक सैदपुर अंकित भारती, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, ब्लाक प्रमुखगण, नामित सदस्य व प्रधानगण उपस्थित रहे। आभार ज्ञापन मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने किया।



