आजमगढ़ : गांव के बीचोंबीच शराब का ठेका खोलने पर महिलाओं का गुस्सा फूटा

अरुण सिंह /आजमगढ़। ग्राम पंचायत अगेहता में खुले शराब ठेके को लेकर स्थानीय महिलाओं का गुस्सा बुधवार को सड़क पर फूट पड़ा। गांव की महिलाएं एकजुट होकर मुख्य सड़क मार्ग पर उतर आईं और शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर रोड जाम कर दिया। इस दौरान आवागमन पूरी तरह ठप हो गया और इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। महिलाओं का आरोप है कि हाल ही में गांव के बीचोंबीच शराब का ठेका खोला गया है, जिससे पूरे गांव का सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा है। उनकी चिंता है कि शराब की आसानी से उपलब्धता से न केवल युवा पीढ़ी बिगड़ेगी, बल्कि रोजाना झगड़े, घरेलू कलह और अन्य सामाजिक समस्याएं बढ़ेंगी। महिलाओं ने कहा कि वे अपने बच्चों और परिवार की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। इसी मुद्दे पर सैकड़ों महिलाएं और कुछ पुरुष सड़क पर जमा हो गए और नारेबाजी करते हुए जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाली प्रभारी विमल प्रकाश राय पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिलाओं से शांतिपूर्ण वार्ता की और उनकी समस्याएं सुनीं। काफी मशक्कत के बाद प्रभारी ने महिलाओं को समझाया कि वे अपनी शिकायत लिखित रूप में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के समक्ष प्रस्तुत करें, ताकि प्रशासन मामले की जांच कर उचित कार्रवाई कर सके। पुलिस के आश्वासन के बाद महिलाओं ने जाम समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने साफ चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पर जल्दी कार्रवाई नहीं हुई तो वे और बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन स्थानीय स्तर पर महिलाओं का आक्रोश अभी भी बना हुआ है। इस घटना ने एक बार फिर शराब ठेकों की लोकेशन और गांवों में उनके प्रभाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।




