आजमगढ़ में तड़के गरजा बुलडोजर

गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। जिले के हरिहरपुर गांव में मंगलवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब निर्माणाधीन संगीत महाविद्यालय के सामने बने एक मकान पर आजमगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। सुबह करीब पांच बजे अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बताया जा रहा है कि संबंधित मकान का निर्माण बिना नक्शा पास कराए किया जा रहा था, जिसे अवैध निर्माण की श्रेणी में रखा गया। इस मामले में 21 तारीख को आजमगढ़ विकास प्राधिकरण द्वारा नोटिस चस्पा कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन तय समय सीमा के भीतर आदेश का पालन नहीं किया गया। इसके बाद नियमों के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। जिस भूमि पर यह मकान बना था, वह सतीश और ब्रिजेश गौंड की है, जो भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी भी बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सतीश और ब्रिजेश गौंड की कुछ भूमि संगीत महाविद्यालय के निर्माण में चली गई थी, जिसके बदले प्रशासन द्वारा उन्हें दूसरी भूमि उपलब्ध कराई गई थी। सुबह-सुबह बुलडोजर चलने की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों में लोगों की भीड़ जुट गई और कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का दौर चल रहा।




