Slide 1
Slide 1
आजमगढ़

आजमगढ़ : आटो पर गिरा आम का विशालकाय पेड़


गोविंद लाल शर्मा/आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद तहसील क्षेत्र के सुराई गांव में देर रात तेज आवाज के साथ दो विशाल आम के पेड़ धराशायी हो गए। लगातार दो पेड़ों के गिरने से गांव में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पेड़ों के गिरने से एक ऑटो वाहन दबकर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आसपास का आवागमन भी प्रभावित हुआ। ग्रामीणों के अनुसार पहला विशाल आम का पेड़ रात करीब दो बजे गिरा। इसके बाद दूसरा पेड़ रात 3 बजकर 40 मिनट के आसपास तेज आवाज के साथ धराशायी हो गया। पेड़ गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। लगातार दो पेड़ों के गिरने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। पेड़ गिरने से ग्राम प्रधान सुराई विनोद कुमार के घर के पास खड़ा उनके भाई का ऑटो दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं, ग्राम प्रधान के वाहन के पास भी पेड़ गिरा, लेकिन वाहन बाल-बाल बच गया। ग्राम प्रधान विनोद कुमार का कहना है कि उन्होंने आम के पेड़ों के मालिक सलाहुद्दीन और उनके परिवार के लोगों को पहले ही पेड़ों के कमजोर होने और संभावित खतरे के संबंध में चेतावनी दी थी। उनका कहना है कि यदि समय रहते पेड़ों को कटवा दिया जाता तो यह घटना नहीं होती। उन्होंने बताया कि बाग में दो अन्य पेड़ भी गिरने की स्थिति में हैं, जिन्हें समय रहते नहीं हटाया गया तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ काफी विशाल होने के कारण इनके गिरने से रास्ते पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। हालांकि हादसे के समय आसपास के घरों में मौजूद लोग सुरक्षित रहे और कोई व्यक्ति पेड़ की चपेट में नहीं आया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गिरे हुए पेड़ों को जल्द से जल्द हटवाया जाए और बाग में खड़े अन्य कमजोर पेड़ों का भी निरीक्षण कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button