
गोविन्द लाल शर्मा
आज़मगढ़। जिले के महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के देवारा जदीद गांव में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक छात्रा का शव घर के सामने आम के पेड़ से लटकता हुआ मिला। घटना की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।मिली जानकारी के अनुसार, देवारा जदीद किता गांव निवासी राजेंद्र यादव की 20 वर्षीय पुत्री नीलम यादव बीए तृतीय वर्ष की छात्रा थी। शुक्रवार की रात वह रोज की तरह अपने परिवार के साथ घर पर ही सोई थी। लेकिन शनिवार की सुबह करीब पांच बजे जब परिजन उठे तो उन्होंने देखा कि घर के सामने स्थित आम के पेड़ से नीलम का शव दुपट्टे के सहारे लटक रहा है। यह नजारा देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




