फतेहपुर में युवक से अपमानजनक व्यवहार, वीडियो वायरल
पुलिस बोली, मामले को संज्ञान में लेकर कर रहे हैं जांच, सांप्रदायिक सौहार्द के लिए जाना जाता है फतेहपुर
कानपुर। इन दिनों फतेहपुर काफी सुर्खियों में चल रहा है। एक वीडियो बहुत तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वह है तो जाड़े के दिनों का लेकिन काफी सनसनीखेज है। वायरल वीडियो में एक समुदाय के युवक एक युवक को घेरकर खड़े हैं। उससे अपमानजनक व्यवहार कर अपशब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। इस पर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी इस प्रकरण में कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
एक सोशल मीडिया अकाउंट पर अपमानजनक व्यवहार और अपशब्दों का प्रयोग करने वाले का नाम शुभम ठाकुर बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में उसके साथ कई युवक भी दिखाई दे रहे हैं। जिस युवक के साथ अपमानजनक व्यवहार किया जा रहा है वह लाल रंग की टीशर्ट पहने है। यह नहीं पता चल रहा है कि यह युवक अकेले है कि उसके साथ भी कोई है। वीडियो किस स्थान का है यह भी नहीं बताया जा रहा है। जिस तरह उस युवक से शुभम और उसके साथी व्यवहार कर रहे हैं उससे लगता है कि वह दूसरे धर्म का मानने वाला है। हालांकि हिंदुस्तान संदेश इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो में युवक जैकेट पहने भी दिख रहे हैं। इससे माना जा रहा है कि जाड़े में यह घटना हुई थी। अब किसी ने इसे सोशल मीडिया में वायरल किया है।
इस संबंध में फतेहपुर पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया वीडियो सर्दियों के मौसम का प्रतीत होता है। वीडियो के संबंध में तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त होने पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी। उधर, X , यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर कई आईडी से लोग यह वीडियो शेयर कर रहे हैं। इसलिए फतेहपुर का यह वीडियो पूरे देश में चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि देश में अब इस तरह की घटनाएं आम हो गई हैं लेकिन फतेहपुर सांप्रदायिक सौहार्द के लिए जाना जाता है। वहां पर आजादी के बाद से कभी सांप्रदायिक दंगे नहीं हुए।



