Slide 1
Slide 1
Blog

चंदा चोरी की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होः राजीव

इतने बड़े घोटाले में चंपत राय से भी ऊपर के लोग शामिल, पहले मंदिर के नाम पर वोट ले रहे थे अब नोट भी ले रहे

कानपुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि राम मंदिर में चंदा चोरी पर एफआईआर दर्ज होने के बाद कांग्रेस यह मुद्दा उठा रही है। राम मंदिर के चंदे में हजारों करोड़ की चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में इसकी जांच की जाए। चीफ जस्टिस स्वयं इसका संज्ञान लेकर जांच कराएं। उन्होंने भाजपा के मंदिर प्रकोष्ठ बनाने पर भी सवाल उठाए। वह शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस कर रहे थे।

श्री शुक्ला ने कहा कि अभी तो छोटे-छोटे लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तारियां हो रही हैं। यह आठ-दस कर्मचारियों का काम नहीं है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी बंद कर चोरी हो रही है। पहले नारा था कि जो राम को लाएं हैं उन्हें आप सत्ता में लाइये, जिन्होंने राम को लूटा है उनकी भी जिम्मेदारियां भी तो तय होनी चाहिए। वोट और नोट मंदिरों के जरिए लेना चाहते हो, यह नहीं चलेगा। इसीलिए कांग्रेस इस मुद्दे को उठा रही है। दक्षिण भारतीय महिलाओं ने तो जेवर भी दान किए थे लेकिन उनकी तो कोई फेहरिस्त नहीं है। करोड़ों के जेवर और हीरे की माला तक गायब है।

यह राजनीतिक ही नहीं बहुत बड़ा धार्मिक मुद्दा है। राम के नाम पर वोट ले रहे थे और नोट भी ले रहे हैं। लोगों की आस्था और विश्वास से धोखा किया जा रहा है। इसीलिए हम मुद्दा उठा रहे हैं। मंदिर प्रकोष्ठ पर भी उन्होंने सवाल उठाए। कहा कि इसका मतलब है कि बड़े पैमाने पर मंदिरों पर कब्जा करने का प्लान चल रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की जाए। ट्रस्ट को भंग किया जाए। शंकराचार्यों और संतों का ट्रस्ट बनना चाहिए। इसमें भाजपा और आरएसएस के लोग शामिल न किए जाएं।

पीएम तत्काल हस्तक्षेप करें क्योंकि राम मंदिर की भव्य प्राण प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री ने की थी। चीफ जस्टिस भी इसका खुद संज्ञान लें। अभी आठ लोगों के खिलफा रिपोर्ट दर्ज हुई है। इसमें चंपत राय का नाम नहीं है। एक सवाल के जवाब में कहा कि चंपत राय जैसे लोगों को बचाया जा रहा है। डकैती में उनसे भी ऊपर वालों का हाथ है। इतने बड़े घोटाले के बाद भी सन्नाटा पसरा है।

 

 

चंदा चोर पार्टी ने हिंदुओं को धोखा दियाः केदरीवाल

कानपुर। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सांसद संजय सिंह के साथ शुक्रवार को राम मंदिर जाकर दर्शन किए। इसके बाद भी उन्होंने भाजपा को चंदा चोर पार्टी बताया।

उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि चंदा चोर पार्टी ने हिंदुओं को धोखा दिया है। ट्रस्ट के सारे सदस्य इनके हैं। मंदिर में बहुत बड़ी डकैती हुई है। उस पर पर्दा डालने की कोशिश हो रही है। वहां तो रोज चोरी हो रही थी। आठ महीने की सीसीटीवी फुटेज गायब कर दी गई है।

श्री केजरीवाल ने कहा कि अरबों रुपये और हीरे जवाहारात कहां गए। इसके तार बहुत ऊपर तक हैं। एफआईआर करने के लिए भी बड़ी जद्दोजेहद करनी पड़ी। केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में जमकर भाजपा पर निशाना साधा। चंदा चोर पार्टी के नेताओं ने इस डकैती की निंदा नहीं की है। यह महापाप है। सभी दोषियों को फांसी पर लटकाया जाए। उन्होंने कहा कि ऊपर से नीचे तक सब मिले हैं। भगवान राम भी इन लोगों को दंड देंगे। उन्होंने कहा कि राम के सहारे आए थे, अब भगवान राम ही इनको भगाएंगे। उन्होंने जमीन घोटालों की भी जांच कराने की मांग की।

 

ट्रस्टी चंपत राय का इस्तीफा, आठ लोग गिरफ्तार

कानपुर। राम मंदिर में चंदा चोरी की जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसआईटी बनाई थी। उसकी रिपोर्ट के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उधर, पूरे देश में यह मुद्दा उछलने के बाद ट्रस्ट के अध्यक्ष चंपत राय ने भी इस्तीफा दे दिया।

ASIF HUSAIN

ASIF HUSAIN EDITOR मैंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से हिंदी साहित्य में परास्नातक (मास्टर) करने के बाद ट्रांसलेशन में पीजी डिप्लोमा किया। इसके बाद पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया। 1997-98 में राष्ट्रीय सहारा में ट्रेनिंग की। इसके बाद 1998 में अमर उजाला कानपुर में ज्वाइन किया। अमर उजाला में कानपुर में रिपोर्टिंग की। गाजीपुर, चंदौली, भदोही, इटावा में ब्यूरोचीफ के पद पर रहा। इसके अलावा मुरादाबाद में संभल डेस्क प्रभारी रहा। झांसी में देहात डेस्क प्रभारी रहा। साथ में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग की। 2023-24 में अमर उजाला में सीनियर सब एडिटर पद से स्वैच्छिक रिटायरमेंट लिया। इसके बाद अपना यूट्यूब चैनल ‘ब्रिलियंट टाइम’ नाम से बनाया। वीकली अखबार भी इसी नाम से निकाला। ‘द्वाबा सम्राट हिंदी दैनिक’ में देश और विदेश पर लेख लिखे। वर्तमान में हिंदुस्तान संदेश से बतौर एडिटर जुड़ा हूं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button