
असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया । पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम को वाहन चोरी के मामलों में बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके पास से आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी कर उन्हें छिपाकर रखते थे और बाद में बेच देते थे। सूत्रों के अनुसार बुधवार भोर में कोतवाली पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने चीनी मिल ग्राउंड के पास घेराबंदी कर इन युवकों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सिवान जनपद के मैरवा थाना क्षेत्र निवासी सुमित कुमार और गोपालगंज जिले के भोरे बाजार थाना क्षेत्र निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है।पुलिस ने सुमित के कब्जे से एक चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस और विकास के पास से दूसरी चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस बरामद की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वाहन चोरी करने और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चीनी मिल गेट के पास झाड़ियों से छह अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कीं। इनमें हीरो सुपर स्प्लेंडर, हीरो पैशन प्रो, सुपर स्प्लेंडर, हीरो स्प्लेंडर और दो हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिलें शामिल हैं। कुछ वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट भी लगी मिली थीं।पुलिस जांच में सामने आया है कि बरामद मोटरसाइकिलों से जुड़े चोरी के कई मुकदमे पहले से कोतवाली देवरिया और बिहार के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत नया मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और उनके अन्य साथियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि वाहन चोरी के गिरोहों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा। बरामद मोटरसाइकिलों के वास्तविक स्वामियों की पहचान कर उन्हें वाहन सुपुर्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।




