
बुलंदशहर। आज पूरे देश के साथ बुलंदशहर में भी ईद-उल-अजहा का त्योहार बड़े ही अकीदत और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही खुर्जा समेत जिले की सभी ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए भारी तादाद में नमाजी पहुंच रहे हैं। जिले में 155 ईदगाह और 590 मस्जिदों में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की जा रही है। खुर्जा ईदगाह में भी सुबह से ही नमाजियों का हुजूम उमड़ पड़ा। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी। त्योहार को सकुशल और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। ADM, SP देहात, SDM, CO के साथ भारी पुलिस फोर्स और PAC को तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है। पुलिस-प्रशासन ने नमाजियों से आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में सभी का सहयोग जरूरी है। अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने कुर्बानी को लेकर भी गाइडलाइन जारी की है। खुले में कुर्बानी न करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्ट: मोहित त्यागी




