
गाजीपुर। नाली संबंधी विवाद के जांच व निस्तारण हेतु राजस्व टीम का विरोध करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले नौ नामजद व 8-10 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध सी.एल.ए. एक्ट व अन्य सम्बंधित धाराओं में भुड़कुड़ा पुलिस द्वारा मुकदमा पंजीकृत कर कार्यवाही की गयी। पुलिस ने इस मामले में आधा दर्जन महिलाओं सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।शुक्रवार 22 मई 2026 को नाली विवाद की जाँच व निस्तारण हेतु खण्ड विकास अधिकारी जखनियाँ मय राजस्व व पुलिस टीम के ग्राम मोलनापुर तालगाँव गये जहां पर सीमेंटेड खड्न्जा के बीच में अंडरग्राउँड नाली बनी हुयी है। जिसमें जगह – जगह चेम्बर बना हुआ है। उक्त नाली में श्रीमती रमावती पत्नी इन्द्रेश कुशवाहा का पानी उक्त नाली में बहाने को लेकर बस्ती के कुछ लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा था। जिसे उपस्थित अधिकारियों द्वारा समझाया गया कि सरकारी नाली में किसी को पानी बहाने से रोका नहीं जा सकता है। उसी सम्बन्ध में शनिवार 23 मई को उस प्रकरण के निस्तारण हेतु उप-जिलाधिकारी जखनियाँ, खण्ड विकस अधिकारी जखनियाँ, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) जखनियाँ, सचिव मोलनापुर, कानूनगो मोलनापुर, लेखपाल मोलनापुर मय पुलिस बल व काम करने वाले लेबरों के साथ मौके पर पहुँचे। जब वहां कार्य प्रारंभ कराया गया तो राजभर बस्ती के लोग नाली जोड़ने का विरोध करने लगे। मौके पर 20 – 25 लोग आकर सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए काम करने से रोकने लगे तथा मौके पर विवाद उत्पन्न कर दिये। उक्त घटना के सम्बन्ध में थाना भुड़कुडा पर नौ नामजद व 8-10 अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया। उक्त अभियोग में नामजद रवि भारद्वाज पुत्र मारकण्डेय राजभर व छह महिलाओं समस्त निवासीगण ग्राम मोलनापुर तालगाँव थाना भुड़कुड़ा जनपद गाज़ीपुर को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की गयी और अन्य अभियुक्तों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।



