
असगर अली
देवरिया। जनपद के भटनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना प्रकाश में आई। मोतीपुर भुवाल निवासी 40 वर्षीय रंजीत कुशवाहा को बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने अगवा कर खामपार थाना क्षेत्र के छपिया गांव स्थित एक पुलिया के नीचे ले जाकर जिंदा जलाने का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। सूत्रों के अनुसार, रंजीत कुशवाहा सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे, रास्ते में तभी अचानक बाइक सवार युवकों ने उन्हें जबरन अपने साथ ले लिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अधजली अवस्था में पड़े रंजीत को देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस (यूपी32एफजी 0457) कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को एंबुलेंस में शिफ्ट किया और प्राथमिक उपचार देते हुए भाटपाररानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसके बाद ईएमटी कृष्णा कुमार गुप्ता एवं पायलट फूल चंद वर्मा द्वारा 108 एंबुलेंस से घायल को मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था। रास्ते में घायल की हालत बिगड़ने लगी तो एम्बुलेंस में उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों ने कंट्रोल रूम के आरसीपी डॉक्टर से परामर्श लेकर आवश्यक उपचार किया, जिससे घायल को सुरक्षित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जा सका। वर्तमान में उनका इलाज जारी है। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।




