यूपी दौरे से ठीक पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मिले मनोज राय

विवेकानंद राय/लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के उत्तर प्रदेश दौरे से ठीक पहले पूर्व पीसीएस अधिकारी मनोज राय ने उनसे मुलाकात की। नितिन नबीन 21 और 22 सितंबर को उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर तैयारियों की समीक्षा पर जोर दे रहा है। इसी क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तर प्रदेश दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी प्रदेश में अपनी चुनावी तैयारियों को गति देने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
मुलाकात क्यों है खास
नितिन नबीन और मनोज राय की मुलाकात को उत्तर प्रदेश की राजनीति, खासकर मोहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मनोज राय को बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान नितिन नबीन के करीबी नेताओं में माना गया था। बताया जाता है कि बिहार चुनाव में अमित शाह की रैलियों से जुड़े दायित्व में भी मनोज राय की भूमिका रही थी। चुनावी मंच से अमित शाह द्वारा मनोज राय का उल्लेख किए जाने के बाद उनकी राजनीतिक सक्रियता चर्चा में आई थी। ऐसे में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले नितिन नबीन से उनकी मुलाकात ने मोहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र में संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है।
क्या पार्टी कर सकती है नया प्रयोग
2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मोहम्मदाबाद सीट पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। आगामी चुनाव को देखते हुए पार्टी संगठन लगातार जमीनी फीडबैक और संभावित उम्मीदवारों को लेकर मंथन कर रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, मोहम्मदाबाद विधानसभा क्षेत्र में पार्टी नए चेहरे को लेकर भी विचार कर सकती है। हालांकि, उम्मीदवार को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पूर्व पीसीएस अधिकारी मनोज राय की नितिन नबीन से मुलाकात के बाद यह चर्चा और तेज हो गई है कि क्या भाजपा मोहम्मदाबाद में संगठन और चुनावी रणनीति के स्तर पर कोई नया प्रयोग करने की तैयारी में है। फिलहाल अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व को लेना है, लेकिन नितिन नबीन के उत्तर प्रदेश दौरे से ठीक पहले हुई यह मुलाकात स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गई है।



