देवरिया : ईट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया। जनपद के नोनापार स्थित मणिनाथ इंटर कॉलेज के पास ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने ससुराल से घर लौट रहे बाइक सवार युवक को टक्कर मार दिया। घटना के बाद युवक बुरी तरह घायल हो गया। घायल युवक भटनी थाना क्षेत्र के पड़री तिवारी गांव निवासी अजय कुशवाहा पुत्र गुलाब कुशवाहा शनिवार को अपनी ससुराल से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। नोनापार में मणिनाथ इंटर कॉलेज के समीप पहुंचे ही थे कि एक तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने तुरंत घायल अजय को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी ले जाया गया।चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया।मृतक अजय कुशवाहा की पत्नी गुड़िया देवी और उनके छह वर्षीय बेटी गुनगुन तथा तीन वर्षीय बेटे अंश का रो-रोकर बुरा हाल है।परिजनों ने बताया कि अजय घर के मुख्य सदस्य थे और उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर गहरा दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही भटनी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली की पहचान कर मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।




