
तारा त्रिपाठी, ब्यूरो चीफ/ मीरजापुर । अहरौरा स्थानीय थाना क्षेत्र के वाराणसी शक्ति नगर मार्ग पर छातों गांव के दक्षिण पूरब कोने में स्थित सुखदरिया जलप्रपात में डूबे युवक का शव लगभग – अठारह घंटे बाद विंध्याचल से आईएसडीआरएफ की टीम ने बरामद किया। बुधवार को दोपहर में चौरहट नई बस्ती पड़ाव जिला चंदौली से अपने दोस्तों संग लिखनिया दरी घूमने आया सन्नी उर्फ सुहैल पुत्र सलीम लिखनिया दरी जलप्रपात घूमने आया था लेकिन लिखनिया दरी बंद होने के कारण सुखदरिया जलप्रपात पर चला गया था। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि सुखदरिया जलप्रपात पर दोस्तों के संग मौज मस्ती किया। इसके बाद लगभग तीन बजे शौच करने के लिए चला गया। शौच करने के बाद सुहैल पानी छूने के लिए कुंड के पास गया, उसका पैर फिसल गया जिससे कुंड में चला गया। मौके पर मौजूद दोस्तों ने पहले उसको निकालने प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली तब तक वह गहरे पानी में नीचे चला गया। इसके बाद दोस्तों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने खोजबीन करने का प्रयास किया लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद गुरुवार को विंध्याचल से सब इंस्पेक्टर एसडीआरएफ रजत कुमार गोंड के नेतृत्व में घटना स्थल पर पहुंची टीम ने जलप्रपात से सुहैल के शव को बरामद किया। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण को भेज दिया।




