लखनऊ : ड्रीम वर्ल्ड रिजॉर्ट में भव्य ओशो ध्यान शिविर, देश-विदेश से जुटे साधक

लखनऊ (ब्यूरो)। ओशो ध्यान साधना फाउंडेशन के तत्वावधान में 2 अप्रैल से 5 अप्रैल तक कानपुर हाईवे स्थित ड्रीम वर्ल्ड रिजॉर्ट में एक भव्य ओशो ध्यान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस चार दिवसीय ध्यान एवं योग कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में साधक भाग ले रहे हैं। शिविर में ओशो की विभिन्न ध्यान विधियों का अभ्यास कराया जा रहा है, जिनका उद्देश्य प्रतिभागियों को गहरी मानसिक शांति, आत्म-जागरूकता और जीवन में संतुलन प्रदान करना है। कार्यक्रम के दौरान सक्रिय ध्यान, कुंडलिनी ध्यान, सुफी भजन सहित कई विशिष्ट ध्यान प्रक्रियाओं को शामिल किया गया है, जिससे साधक अपने भीतर की ऊर्जा को पहचान सकें और सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ सकें।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को ध्यान के महत्व से अवगत कराना और उन्हें तनाव, चिंता व मानसिक दबाव से मुक्त कर एक स्वस्थ एवं संतुलित समाज की स्थापना की ओर प्रेरित करना है। शिविर के प्रमुख संयोजक मनोज निषाद ने बताया कि इस तीन दिवसीय ध्यान शिविर का संचालन छत्तीसगढ़ से पधारे स्वामी आनंद एकांत जी एवं मुंबई से आए स्वामी आत्मोक्रांति जी द्वारा किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को विभिन्न ध्यान तकनीकों का गहन अभ्यास कराया जा रहा है। आयोजन को सफल बनाने में ममता सिंह, आदित्य मिश्रा एवं मनोज शिव हरे सहित अन्य पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। आयोजकों के अनुसार, इस प्रकार के ध्यान शिविर समाज में मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा के प्रसार में अहम योगदान देते हैं।
___



