लखनऊ : ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की पहल, बिजली बिल राहत योजना की अवधि तीन दिन और बढ़ी

उपभोक्ताओं से इस योजना का लाभ उठाने की अपील
लखनऊ। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की जनहितकारी पहल पर बिजली बिल राहत योजना– 2025 के प्रथम चरण की अवधि को तीन दिन और बढ़ा दिया गया है। पहले चरण के अंतिम दिन देर रात तक चले राहत शिविरों में उमड़ी भारी भीड़, आमजन की व्यापक भागीदारी और योजना के प्रति गहरी रुचि को देखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया। यह योजना पहले दिसंबर माह तक सीमित थी,अब 03 जनवरी तक लागू रहेगी, जिससे अधिक से अधिक पात्र उपभोक्ता इसका लाभ ले सकेंगे। मंत्री ए.के. शर्मा के कुशल नेतृत्व और सतत निगरानी में प्रदेशभर में आयोजित राहत शिविरों से लगभग 31 लाख विद्युत उपभोक्ताओं ने योजना का सीधे लाभ उठाया। इस दौरान उपभोक्ताओं को 5363 करोड़ रुपये से अधिक की बिल छूट प्रदान की गई। इस योजना से दशकों पुराने बकाया बिजली बिलों पर भी उपभोक्ताओं को तीन-चौथाई तक की छूट दी गई है। इससे लाखों परिवारों को लंबे समय से चले आ रहे सरकारी बकाये के मानसिक और आर्थिक बोझ से राहत मिली है। योजना ने विशेष रूप से गरीब, मध्यम वर्ग और छोटे उपभोक्ताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है।
पात्र विद्युत उपभोक्ताओं से योजना का लाभ उठाने की अपील नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने सभी पात्र विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे 03 जनवरी तक नजदीकी बिजली बिल राहत शिविरों में पहुंचकर योजना का लाभ अवश्य उठाएं। अपने ऊपर वर्षों से चले आ रहे सरकारी बकाये के बोझ से स्वयं को मुक्त करें। उन्होंने विश्वास जताया कि यह योजना प्रदेश में सामाजिक एवं आर्थिक राहत का मजबूत आधार बनेगी।




