प्याज की आड़ में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा

70 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, एक गिरफ्तार
चन्दौली । जनपद में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे
अभियान के तहत थाना सैयदराजा पुलिस, स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक ट्रक से प्याज की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बरामद शराब की कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक सदर और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में थाना सैयदराजा, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से 28 मार्च को क्षेत्र में संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मध्य प्रदेश से बिहार की ओर जा रहा एक ट्रक अवैध शराब की खेप लेकर गुजरने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने ग्राम जेठमलपुर तिराहा, एन एच-19 के उत्तरी लेन पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। करीब 20-25 मिनट बाद चन्दौली की ओर से आ रहे एक ट्रक (संख्या एमपी 33 एच 3042 को रोककर तलाशी ली गई। चालक ने ट्रक में प्याज लदा होने की बात कही, लेकिन उसके हाव-भाव संदिग्ध लगने पर पुलिस ने गहन जांच की। जांच में प्याज की बोरियों के बीच छिपाकर रखी गई अवैध अंग्रेजी शराब की पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने ट्रक से कुल 407 पेटी इम्पिरियल ब्लू अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसमें 24 पेटी 180 एमएल- 207.36 लीटर 202 पेटी 375 एमएल – 1818 लीटर 181 पेटी (750 एमएल) – 1629 लीटर । इस प्रकार कुल 3654.36 लीटर अवैध शराब बरामद हुई। साथ ही ट्रक में लदी करीब 175 बोरी प्याज भी जब्त की गई, जिनका उपयोग शराब छिपाने के लिए किया गया था।
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक हरिओम धाकड़ (38 वर्ष) निवासी ग्राम कोटा, थाना कोतवाली देहात, जिला शिवपुरी मध्य प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नासिक से प्याज लादकर बिहार के दरभंगा मंडी जा रहा था और उसी की आड़ में शराब की तस्करी कर रहा था। इस सफल कार्रवाई में थाना सैयदराजा प्रभारी, स्वाट टीम एवं सर्विलांस सेल की सक्रिय भूमिका रही।




