
विधायक मन्नू अंसारी ने खिलाड़ियों को पुरस्कार से नवाजा
डॉ एके राय
गाज़ीपुर। मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के दाऊदपुर ग्राम सभा में आयोजित ‘इमरान खां मेमोरियल बैडमिंटन टूर्नामेंट’ के रोमांचक खिताबी मैच के फाइनल मुकाबले में आमिर अफ़ज़ल और तफ़सीर की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फैसल खां और आदिल फरहान की जोड़ी को तीन सेटों के कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। आयोजक दानिश खां ने बताया कि 15 जनवरी से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर तफ़सीर को ‘मैन ऑफ द मैच’ और पूरे टूर्नामेंट में निरंतर शानदार प्रदर्शन करने वाले आदिल फरहान को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के खिताब से नवाजा गया।मैच के बाद मीडिया से बातचीत में विजेता खिलाड़ी आमिर अफ़ज़ल ने क्षेत्र में खेल सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया।
उन्होंने क्षेत्रीय विधायक मन्नू अंसारी से मुहम्मदाबाद में एक इनडोर स्टेडियम का निर्माण कराने की मांग की। आमिर ने कहा, “हमारे क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन इनडोर स्टेडियम न होने से खिलाड़ी साल भर अभ्यास नहीं कर पाते। स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों के खेल में और निखार आएगा। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक मन्नू अंसारी ने विजेता व उपविजेता टीमों और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विधायक ने कहा कि खेल हमें अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं। उपविजेता टीम के फैसल खां ने भी विजेता टीम को बधाई देते हुए खेल भावना की प्रशंसा की। इस मौक़े पर ग्राम प्रधान शशिकांत शर्मा , जावेद खां, फरहान अंसारी, आमिर हम्ज़ा, कैफ़ अंसारी, शाहिद अमान, हीरू, रेयाज अहमद, पत्रकार वसीम रज़ा, रियाज़ अहमद, नरेंद्र राय, समीर राजा, शाहनवाज़ अहमद के साथ ही साथ नगर एवं ग्रामीण अंचल के तमाम लोग मौजूद रहे।




