
असगर अली
देवरिया। जनपद में शनिवार सुबह रोडवेज परिसर में परिवहन निगम के परिचालक अनूप प्रजापति देवरिया डिपो से गोरखपुर जाने के लिए बस में सवारियां भर रहे थे। बस उत्तरी गेट के पास खड़ी थी। इसी दौरान एक अनुबंधित बस के मालिक का पुत्र वहां पहुंचा और सवारी भरने को लेकर अनूप प्रजापति से विवाद करने लगा।विवाद में कहासुनी बढ़ने पर युवक ने अपने वाहन से लोहे की रॉड निकालकर अनूप प्रजापति पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में अनूप प्रजापति गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और बेहोश हो गए। साथी चालकों और परिचालकों ने उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। इस घटना से नाराज रोडवेज के बस चालक और परिचालक एकजुट हो गए और कार्य बहिष्कार करते हुए हड़ताल पर बैठ गए। सुबह लगभग 10:30 बजे से 11:30 बजे तक रोडवेज डिपो से बसों का संचालन पूरी तरह बंद रहा, जिससे यात्रियों को असुविधा हुई। हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने, उसकी गिरफ्तारी और संबंधित अनुबंधित बस का रोडवेज से अनुबंध निलंबित करने की मांग की। सूचना मिलने पर एआरएम कपिल देव प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर संजय रेड्डी और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली विनोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने कर्मचारियों से बातचीत की और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस और रोडवेज प्रशासन के आश्वासन के बाद चालक और परिचालक शांत हुए और हड़ताल समाप्त कर काम पर लौट आए। इसके बाद बसों का आवागमन सामान्य हो गया।




