एचआईवी जागरूकता को लेकर समुदाय स्तर पर जिला क्षय रोग अधिकारी ने की समीक्षा बैठक

चन्दौली । आज टीआई यूपीएनपी प्लस , चंदौली कार्यालय में जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश कुमार (चंदौली) द्वारा संस्था की टीम, जिला अस्पताल के एसटीआई काउंसलर तथा यूपीएसएसीएस, लखनऊ (उत्तर प्रदेश) के क्लस्टर प्रिवेंशन ऑफिसर के साथ एचआईवी जागरूकता एवं रोकथाम से संबंधित गतिविधियों की गहन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत सुश्री अर्चना द्वारा परिचय सत्र से की गई। इसके उपरांत अक्टूबर 2025 से दिसंबर 2025 तक की त्रैमासिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इस दौरान
एचआईवी एवं सिफलिस जांच, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, एचआईवी काउंसलिंग तथा एचआईवी पॉजिटिव मामलों की स्थिति से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर यह संदेश विशेष रूप से दिया गया कि
“कंडोम ही बचाव है—इसे समुदाय में हर एक व्यक्ति तक पहुँचाना अनिवार्य है।”
साथ ही संस्था द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में काउंसलर उपेन्द्र जिला अस्पताल ने कहा कि संस्था द्वारा समुदाय स्तर पर संचालित एचआईवी जागरूकता एवं रोकथाम अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रभावी है। वहीं क्लस्टर प्रिवेंशन ऑफिसर ने बताया कि यूपीएसएसीएस के दिशा-निर्देशों को संस्था द्वारा प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप संस्था को प्रदेश स्तर पर सराहना एवं सम्मान प्राप्त हुआ है।
बैठक के दौरान सुश्री अर्चना द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए पुष्प भेंट की गई। परियोजना अधिकारी ने संस्था की प्रगति से अवगत कराते हुए कहा कि समुदाय को एचआईवी से सुरक्षित रखना ही संस्था का मूल उद्देश्य है। अंत में परियोजना निदेशक श्री राकेश सिंह द्वारा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक को आगामी दिशा-सूचक बताया गया।
इस समीक्षा बैठक में परियोजना प्रबंधक जितेन्द्र कुमार गुप्ता,वित्त अधिकारी आदर्श कुमार गुप्ता,काउंसलर सुश्री अर्चना, सीनियर फील्ड ऑफिसर चौथी, फील्ड ऑफिसर दुर्गेश, दिवांशु, सुश्री सोनी, पीयर एजुकेटर पार्थ , सुश्री साफिया, सुश्री अमरावती सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।




