
सतीश कुमार पांडेय
मऊ।देश की पहली महिला शिक्षिका, महान समाज सुधारक और नारी मुक्ति आंदोलन की अग्रदूत सावित्रीबाई फुले की जयंती के अवसर पर शनिवार को आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश के सभी जिलों में श्रद्धांजलि सभा एवं विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के शहीद स्थल पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने माता सावित्रीबाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके संघर्ष, शिक्षा-दृष्टि व सामाजिक समानता के विचारों पर विस्तार से चर्चा की।
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले ने उस दौर में लड़कियों की शिक्षा की अलख जगाई, जब समाज का बड़ा हिस्सा महिलाओं को पढ़ने-लिखने का अधिकार देने के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि “सावित्रीबाई फुले का जीवन इस बात का प्रमाण है कि शिक्षा ही सामाजिक बदलाव का सबसे मजबूत हथियार है। आज भी जब बेटियों की पढ़ाई, दलित-पिछड़ों के अधिकार और सामाजिक न्याय पर हमले हो रहे हैं, तब फुले जी के विचार पहले से ज्यादा प्रासंगिक हो गए हैं।”
कार्यक्रम में उपस्थित जिला महासचिव ने अपने संबोधन में कहा कि माता सावित्रीबाई फुले जी ने न केवल शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी कार्य किया, बल्कि जाति और लिंग आधारित भेदभाव के खिलाफ भी निर्भीक संघर्ष किया।कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह जी ने दलित विरोधी योगी सरकार के ख़िलाफ़ और समाज के दलित, पिछड़े, आदिवासी समाज और शोषित और वंचित वर्ग को सामाजिक न्याय दिलाने के लिए ही कुछ समय पहले ‘रोज़गार दो, सामाजिक न्याय दो पदयात्रा’ निकाली थी। ज़िला रीता भारती महिला जिलाध्यक्ष ने कहा कि माता सावित्रीबाई फुले जी ने यह साबित किया कि बदलाव की शुरुआत साहस से होती है। उन्होंने कहा कि “महिलाओं, गरीबों और वंचितों को समान अवसर दिलाना ही सावित्रीबाई फुले को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। आज जब शिक्षा महंगी और असमान होती जा रही है, तब फुले जी के विचार हमें एक समान, गुणवत्तापूर्ण और सुलभ शिक्षा व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के अंत में पार्टी नेताओं ने आह्वान किया कि माता सावित्रीबाई फुले जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाए और शिक्षा व समानता के उनके संघर्ष को आगे बढ़ाया जाए। इस श्रद्धांजलि सभा एवं संगोष्ठी के कार्यक्रम में एके सहाय, रीता भारती,संजीव सिंह, अंकुर यादव, हैदर अली, मनोज कुमार, इकबाल अहमद,जयराम यादव,शेयरुन नैशा,रिजवाना खातून,इमराना खातून, अपसाना खातून आदि सहित जिले के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता साथी उपस्थित रहे




