मऊ : कलेक्ट्रेट बार सभागार में श्रद्धांजलि सभा आयोजित
दिवंगत अधिवक्ताओं को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

जिला संवाददाता /मऊ। कलेक्ट्रेट बार पुस्तकालय भवन सभागार में बुधवार को डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मऊ द्वारा श्रीनिवास मिश्र, लल्लन सिंह और रमेश चंद्र यादव के मरणोपरांत श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मऊ के अध्यक्ष दिनेश राय ने की। सभा का संचालन पूर्व महामंत्री रितेश कुमार श्रीवास्तव ने किया, जबकि महामंत्री शतिराम यादव भी कार्यक्रम में शामिल रहे। इस अवसर पर अधिवक्ताओं ने दिवंगत साथियों के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन मऊ के अध्यक्ष दिनेश राय ने कहा कि तीनों दिवंगत अधिवक्ताओं का व्यक्तित्व अत्यंत सरल और मिलनसार था। वे हमेशा न्याय और सत्य के पक्षधर रहे और युवा अधिवक्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। वरिष्ठ अधिवक्ता कालिका दत्त पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. श्रीनिवास मिश्र, स्व. लल्लन सिंह और स्व. रमेश चंद्र यादव ने अपने जीवनकाल में वकालत पेशे को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से अधिवक्ता समाज को अपूरणीय क्षति हुई है।
पूर्व शासकीय अधिवक्ता देवेश राय ने कहा कि दिवंगत अधिवक्ताओं ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। पूर्व अध्यक्ष विद्यानिधि उपाध्याय ने कहा कि स्व. श्रीनिवास मिश्र, स्व. लल्लन सिंह और स्व. रमेश चंद्र यादव का अधिवक्ता जीवन अत्यंत प्रेरणादायक रहा। उन्होंने सदैव न्यायपालिका की गरिमा को बनाए रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन किया। उनके निधन से अधिवक्ता समाज को गहरा आघात पहुंचा है, जिसकी पूर्ति संभव नहीं है। पूर्व महामंत्री रितेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि स्व. श्रीनिवास मिश्र, स्व. लल्लन सिंह और स्व. रमेश चंद्र यादव अधिवक्ता समाज के अत्यंत सम्मानित और समर्पित सदस्य थे। उन्होंने अपने पूरे जीवनकाल में न्याय के प्रति निष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता का परिचय दिया। उनके निधन से बार एसोसिएशन को जो क्षति हुई है, वह कभी पूरी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि दिवंगत अधिवक्ताओं के आदर्श और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। पूर्व महामंत्री अतुल राय ने कहा कि दिवंगत अधिवक्ताओं ने अपने व्यक्तित्व और कृतित्व से बार एसोसिएशन को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया। वे अपने व्यवहार, सरलता और सहयोग की भावना के लिए हमेशा याद किए जाएंगे। उनका जाना पूरे अधिवक्ता समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद सिंह, शमशाद अहमद, पूर्व मंत्री संजय सिंह महेंद्र राय राकेश सिंह आर के लाल सुतीक्ष्ण मिश्र, उमाशंकर उपाध्याय, जवाहर प्रजापति, रमेश श्रीवास्तव, ब्रह्मदेव उपाध्याय, आसीत पाठक समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। सभा के अंत में सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की।




