गाजीपुर : निष्पक्ष,निर्भीक व जनोपयोगी पत्रकारिता के लिए जरूरी है पत्रकारों का प्रशिक्षण – अब्दुल

पत्रकार हितों की रक्षा हेतु सदैव समर्पित है जेसीआई संगठन
डॉ एके राय
गाजीपुर। जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया (जेसीआई) पत्रकार हितों की रक्षा हेतु सदैव समर्पित रहा है और भविष्य में भी समर्पित रहेगा। निष्पक्ष, निर्भीक, जनोपयोगी व सामयिक पत्रकारिता के लिए पत्रकारों के प्रशिक्षित होने की आवश्यक पर बल दिया गया। रविवार को संगठन के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. आर.सी. श्रीवास्तव के निर्देशन में सम्पन्न वर्चुअल बैठक में देश के विभिन्न हिस्सों से जूड़े पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ पत्रकारों ने सहभागिता कर पत्रकारों की समस्याओं, सुरक्षा और संगठन की मजबूती पर अपनी बातों को बेबाकी से रखा। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. आर.सी. श्रीवास्तव ने बिहार की नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार में पत्रकारों के हितों की रक्षा संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि नई कार्यकारिणी जमीनी स्तर पर सक्रिय होकर पत्रकारों की आवाज मजबूती से उठाएगी। बिहार राज्य प्रभारी कुणाल भगत और प्रदेश अध्यक्ष अकबर इमाम ने कहा कि बिहार सहित पूरे देश में पत्रकार अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर पत्रकारों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। उत्तर प्रदेश से एच.बी. त्रिपाठी ने कहा कि जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ इंडिया पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सतत संघर्षरत एक सशक्त मंच है। वहीं अब्दुल अहद ने सुझाव दिया कि संगठन द्वारा समय-समय पर पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, जिससे निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता को बढ़ावा मिल सके। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार एवं बिहार कार्यकारिणी के महासचिव मोहम्मद कादिर, पिंटू, नारायण, गणेश प्रसाद द्विवेदी, रफीक खान, संजय सिंह, पंकज सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। अंत में राष्ट्रीय संयोजक ने सभी उपस्थित पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।




